कटनी में नहीं लग रहा रेत चोरी पर अंकुश, अवैध रेत परिवहन करते फिर पकड़े गए दो ट्रैक्टर, मामला दर्ज

कटनी, यशभारत। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने रेत से भरे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 106 बीएनएसएस एवं 4/21 खनन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी रीतेश शर्मा ने बताया कि जिला दण्डाधिकारी द्वारा महानदी क्षेत्र में रेत उत्खनन एवं परिवहन के लिए किसी भी वैध कंपनी को अनुमति नहीं दी गई है, जिसके चलते क्षेत्र में रेत खनन और परिवहन पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद गुड़ेहा घाट से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक आलोक उरमलिया एवं शेखर सिंह से रेत परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने रेत से भरे दो ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त करते हुए वैधानिक कार्रवाई की है।







