कटनी

नववर्ष से पहले कटाएघाट को पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी

4.80 करोड़ रुपये खर्च कर विकसित हो रहा रिवर फ्रंट

नववर्ष से पहले कटाएघाट को पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी

निर्माण की सुस्त रफ्तार ने बढ़ाई चिंता

  1. 4.80 करोड़ रुपये खर्च कर विकसित हो रहा रिवर फ्रंट06 02 4 03 3

निरीक्षण में काम अधूरे मिलने पर निगमायुक्त ने ठेकेदार को नोटिस देने के दिए निर्देश

कटनी,यशभारत। शहर की प्राकृतिक धरोहर कटाएघाट को पर्यटन और नागरिक सुविधाओं के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है, लेकिन निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार अब निगम प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गई है। करीब 4.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे रिवर फ्रंट का निगमायुक्त तपस्या परिहार ने निरीक्षण किया। मौके पर कई कार्य अपेक्षित गति से पूरे नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने अब सभी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य एक जनवरी से पहले पूरे कराने की समय-सीमा तय की है।
निरीक्षण के दौरान नदी किनारे निर्माणाधीन घाट, रेलिंग, रिटेनिंग वॉल, रैंप, पिचिंग, नाली और सुलभ कॉम्प्लेक्स की स्थिति देखी गई। निगमायुक्त ने शेष कार्यों में तेजी लाने के साथ निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। खुली नालियों को ढकने, रेलिंग और दीवारों पर रंग-रोगन कराने तथा अधूरी पिचिंग का काम पूरा करने के निर्देश दिए।

रात में भी आकर्षक दिखेगा रिवर फ्रंट

योजना के तहत कटाएघाट के ग्रीन एरिया को विकसित करने की भी तैयारी है। निगमायुक्त ने विभिन्न प्रजातियों के फूलदार पौधे लगाने, रोज गार्डन का विस्तार करने और हरी घास की सिंचाई के लिए स्प्रिंकलर व्यवस्था विकसित करने को कहा। नागरिकों की सुविधा के लिए हाईमास्ट और रिंग लाइट लगाने तथा क्यारियों के बीच आकर्षक लैंप स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
घाट पहुंच मार्ग पर बने मंच के समीप प्राकृतिक चट्टान पर भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित करने का काम भी तेजी से पूरा कराने को कहा गया। इसके अलावा फाउंटेन, पाथ-वे, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और बैठने के लिए बेहतर इंतजाम विकसित किए जाएंगे। रिक्त स्थल को सेल्फी प्वाइंट के रूप में तैयार करने, प्रवेश द्वार व्यवस्थित करने और रजक नर्सरी के सामने खाली भूमि की फिलिंग कर बाउंड्रीवॉल एवं फेंसिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।

कटाएघाट मेले की व्यवस्थाओं पर भी नजर

कार्तिक पूर्णिमा से शुरू होने वाले ऐतिहासिक कटाएघाट मेले की तैयारियों का भी निगमायुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, दुकान एवं झूला स्थल और प्रवेश मार्गों की स्थिति देखी। अधिकारियों को मेला स्थल की साफ-सफाई, आकर्षक साज-सज्जा, पार्किंग व्यवस्था और मंच के सामने के हिस्से को समतल कराने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को आपसी समन्वय से शेष कार्य समय-सीमा में पूरे करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त शैलेश गुप्ता, सहायक यंत्री सुनील सिंह, आदेश जैन, मोना करेरा, उपयंत्री हिमांशु गौतम, उद्यान पर्यवेक्षक अजगरिया सहित निर्माण एजेंसी के ठेकेदार मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button