जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

एनसीसी कैंप में कई कैडेट्स की तबीयत बिगड़ी, विक्टोरिया अस्पताल में उपचार जारी, डुमना स्थित ट्रिपल आईटी और तेंदूखेड़ा कैंप से 40 से 50 बच्चों को लाया गया अस्पताल

जबलपुर यश भारत । जबलपुर के डुमना स्थित ट्रिपल आईटी परिसर और तेंदूखेड़ा में आयोजित एनसीसी कैंप के दौरान करीब 40 से 50 कैडेट्स की अचानक तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग अथवा अत्यधिक गर्मी और पानी से जुड़ी समस्या की आशंका जताई जा रही है। सभी बीमार बच्चों को उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल विक्टोरिया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।

जानकारी के अनुसार कुछ कैडेट्स को उल्टी, घबराहट और कमजोरी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद कैंप प्रबंधन द्वारा तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। बच्चों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने के लिए ऑटो और निजी वाहनों का भी उपयोग किया गया।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक अधिकांश बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। करीब 8 से 10 कैडेट्स को सामान्य वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि दो बच्चों को एहतियातन आईसीयू में निगरानी में रखा गया है। अस्पताल में मौजूद डॉ. संदीप भगत एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार बच्चों के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।

बीमार कैडेट्स ने अत्यधिक गर्मी और गर्म पानी पीने के कारण तबीयत बिगड़ने की बात कही है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी सोनू कुर्मी पुलिस बल के साथ विक्टोरिया अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है और डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज जारी है।

फिलहाल सभी कैडेट्स की स्थिति पर अस्पताल प्रबंधन लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button