इलाज के बीच अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर से गाली-गलौज कर की मारपीट : बीच-बचाव करने आए सपोर्ट स्टाफ को भी पीटा, एक आरोपी गिरफ्तार; दो की तलाश… देखें पूरा वीडियो

हटा। सिविल अस्पताल हटा में सड़क हादसे में घायल मरीजों का उपचार चल रहा था, तभी देर रात कुछ लोगों ने अस्पताल में हंगामा खड़ा कर दिया। डॉक्टर के साथ गाली-गलौज के बाद हाथ पकड़कर झकझोरा गया। डॉक्टर को बचाने पहुंचे अस्पताल के सपोर्ट स्टाफ के साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। घटना के बाद हटा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
घटना 9 सितंबर की रात करीब 11.55 बजे की बताई जा रही है। उस समय सिविल अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर डॉ. चेतन साहू ड्यूटी पर थे। सड़क दुर्घटना में घायल तीन मरीजों को अस्पताल लाया गया था और डॉक्टर उनका उपचार कर रहे थे। इसी दौरान हटा निवासी अनिल पुरानी अपने दो साथियों के साथ अस्पताल पहुंचा।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, अस्पताल पहुंचते ही आरोपी ने डॉक्टर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। डॉक्टर ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनका हाथ पकड़कर झकझोर दिया। स्थिति बिगड़ती देख सपोर्ट स्टाफ मनीष श्रीवास्तव ने बीच-बचाव किया, लेकिन आरोपी ने उसके साथ भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।
स्टाफ ने संभाली स्थिति
अस्पताल में विवाद बढ़ता देख ड्यूटी पर मौजूद गर्वेश विश्वकर्मा, सत्यम पुरोहित और नर्स कामिनी कुशवाहा ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। घटना की जानकारी तत्काल मोबाइल के माध्यम से बीएमओ डॉ. उमाशंकर पटेल को दी गई। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची।
पुलिस ने दबोचा एक आरोपी
डॉ. चेतन साहू की शिकायत पर हटा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 463/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के दौरान अनिल पिता जागेश्वर पौराणिक, उम्र 31 वर्ष, निवासी शास्त्री वार्ड हटा को दस्तयाब किया। पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
दो आरोपी अब भी फरार
पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल चाहत खंगार और अनुज नामदेव घटना के बाद से फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन तथा एसडीओपी केपी सिंह के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी की गिरफ्तारी में हटा थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार बेगी, प्रधान आरक्षक प्रताप, प्रधान आरक्षक अनिल गौतम, आरक्षक विजय एवं साइबर सेल दमोह की भूमिका रही।







