आज भी जारी रहा आग का कहर…
बीते पखवाड़े में दर्जनों अग्निकांड, हर दिन कई जगह भड़क रही लपटें ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ी घटनाएं, पराली जलाने की लापरवाही बन रही बड़ी वजह
आज भी जारी रहा आग का कहर…
बीते पखवाड़े में दर्जनों अग्निकांड, हर दिन कई जगह भड़क रही लपटें
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ी घटनाएं, पराली जलाने की लापरवाही बन रही बड़ी वजह

कटनी, यशभारत। जिले में पिछले एक पखवाड़े के भीतर आगजनी की घटनाओं में अचानक तेज़ बढ़ोतरी ने प्रशासन और आम नागरिकों दोनों की चिंता बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि लगभग हर दिन जिले के अलग-अलग हिस्सों में औसतन तीन से चार स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें अधिकांश मामले ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े हुए हैं।
17 अप्रैल से 22 अप्रैल के बीच सामने आए आंकड़े बताते हैं कि जिले के कुठला, माधव नगर, एनकेजे, कोतवाली, बड़वारा, रीठी, सलीमनाबाद और बहोरीबंद थाना क्षेत्रों के अंतर्गत गांवों और शहरी इलाकों में लगातार आग की घटनाएं हो रही हैं। कहीं खेतों में आग भड़की, तो कहीं मकान, पत्ता गोदाम, ट्रांसफार्मर और स्कूल परिसर तक इसकी चपेट में आ गए।
फायर ब्रिगेड को दिन-रात लगातार अलर्ट मोड पर काम करना पड़ रहा है। कई बार एक ही दिन में अलग-अलग स्थानों से सूचना मिलने पर अलग-अलग जोन से दमकल वाहनों को तत्काल रवाना करना पड़ा। हालांकि अधिकांश मामलों में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन घटनाओं की बढ़ती संख्या ने सिस्टम पर दबाव साफ तौर पर बढ़ा दिया है। लोगों का मानना है कि इन घटनाओं के पीछे सबसे बड़ी वजह खेतों में पराली (फसल अवशेष) जलाने की लापरवाही है। गर्मी और तेज़ हवा के चलते छोटी सी चिंगारी भी बड़े अग्निकांड का रूप ले लेती है। कई मामलों में आग खेतों से फैलकर आसपास के घरों और गोदामों तक पहुंच गई, जिससे नुकसान का खतरा और बढ़ गया।
शहर के भीतर भी आगजनी की घटनाएं कम नहीं हैं। कमानियागेट रोड, सुरम्य पार्क, पुलिस लाइन के सामने पत्ती गोदाम और बंगला लाइन जैसे इलाकों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं, जिससे यह साफ है कि खतरा सिर्फ ग्रामीण इलाकों तक सीमित नहीं है।
आज की ताज़ा घटनाएं….
आज गुरुवार को भी आग का सिलसिला जारी रहा और अलग-अलग चार स्थानों पर अग्निकांड की घटनाएं सामने आईं।रंगनाथ चौकी क्षेत्र के डन कॉलोनी, बरगवां में आग लगने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। तत्काल सिविल लाइन जोन से फायर ब्रिगेड वाहन मौके के लिए रवाना किया गया और आग पर काबू पाया गया।
दोपहर झिंझरी चौकी क्षेत्र के पीरबाबा के आगे देवरी टोला में एक मकान में आग लग गई। सूचना मिलते ही दुर्गा चौक जोन से दमकल टीम पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई की।
दोपहर करीब 2:00 बजे सलीमनाबाद क्षेत्र के ग्राम टेकरिया में खेतों में आग लगने की सूचना मिली, जिस पर तत्काल पहुंचकर आग पर नियंत्रण किया गया।
वहीं ग्राम चपोला में भी एक घर में आग लगने की घटना सामने आई, जहां समय रहते पहुंचकर दमकल टीम ने स्थिति संभाल ली।
इन लगातार घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आग का खतरा अब गंभीर रूप ले चुका है।स्थानीय नागरिकों का कहना है।यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पराली जलाने पर सख्ती से रोक लगाई जाए, जागरूकता अभियान चलाए जाएं और फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
फिलहाल, फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़े हादसों को टाला जा सका है, लेकिन लगातार बढ़ रही घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि जिले में आग से सुरक्षा को लेकर अब और अधिक गंभीर और ठोस रणनीति बनाने की आवश्यकता है।







