जलभराव के बाद नगर निगम का ‘डैमेज कंट्रोल’: बीहड़ नदी के ग्रीन बेल्ट में गरजीं जेसीबी

रीवा। हाल ही में हुई भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव की पोल खुलने के बाद, अब नगर निगम प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। बीहड़ नदी के ‘ग्रीन बेल्ट’ क्षेत्र में बनी हमीदिया कॉलोनी में उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, जब जेसीबी और पुलिस बल के साथ नगर निगम और राजस्व अधिकारियों की टीम बुलडोजर कार्रवाई करने पहुंची। नगर निगम की टीम ने हमीदिया कालोनी में नदी के किनारे बने एक फॉर्म हाउस पर कार्यवाही करते हुए अवैध हिस्से को तोड़ दिया।
अतिक्रमण और अवैध निर्माण हटाने पहुंचे, नगर निगम अमले और पुलिस बल को स्थानीय निवासियों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि जिन मकानों को अब अवैध बताया जा रहा है, उनकी अनुमति और नक्शा खुद नगर निगम ने ही पास किया था।
24 घंटे पहले कोई नोटिस भी नहीं मिला
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम ने उन्हें नोटिस 24 घंटे पहले भी नहीं दिया, और सीधे मकान गिराने पहुंच गया। बाढ़ और बारिश से बेहाल लोगों का कहना है कि जब उनके पास मकानों की रजिस्ट्री, नगर निगम की स्वीकृति, बिजली कनेक्शन और टैक्स की रसीदें हैं, तो फिर उनके आशियाने को अवैध घोषित कर बुलडोजर क्यों चलाया जा रहा है।
पहले विधायक का अवैध अतिक्रमण और रिवर फ्रंट पर कार्रवाई हो
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले गुढ़ विधायक नागेन्द्र सिंह के अवैध अतिक्रमण और रिवर फ्रंट को तोड़ा जाए जो अतिक्रमण में बना है। नगर निगम की टीम ने कार्यवाही करते हुए हमीदिया कालोनी के नदी किनारे बसे बद्रिका मोटर के मालिक सुनील सिंह के फॉर्म हाउस पर कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण की कार्यवाही की।







