मध्य प्रदेशराज्य

अलर्ट मोड में प्रशासन: 15 दिनों में चालू होगा नया ओटी, लापरवाही पर गायनेकोलॉजिस्ट और स्टाफ नर्स को नोटिस

 

सागर, यशभारत l कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने मकरोनिया सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों के स्टॉक और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का विस्तृत ब्यौरा लिया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि ऑपरेशन थियेटर (OT) को हर हाल में अगले 15 दिनों के भीतर प्रारंभ किया जाए, ताकि क्षेत्रीय मरीजों को जल्द से जल्द शल्य चिकित्सा की सुविधा मिल सके।

 

निरीक्षण के समय एएनसी (ANC) विंग की व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आई। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही संबंधित स्टाफ नर्स और गायनेकोलॉजिस्ट को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की देखभाल में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दवाइयों की उपलब्धता और ओपीडी व्यवस्था की समीक्षा

कलेक्टर श्रीमती पाल ने दवाई स्टॉक पंजी का स्वयं अवलोकन किया और ओपीडी (OPD) व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को ताकीद की कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं का समुचित स्टॉक हमेशा उपलब्ध रहे, ताकि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बाहर से दवाइयां न खरीदनी पड़ें।

मरीजों और माताओं से सीधा संवाद

अस्पताल में भर्ती मरीजों, माताओं एवं परिजनों से बातचीत कर कलेक्टर ने उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और इलाज की गुणवत्ता का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं का उच्च स्तर बनाए रखने और समय पर उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. देवेश पटैरिया सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button