शादी का झांसा देकर 7 माह से कर रहा था शारीरिक शोषण, आरोपी गिरफ्तार

शहडोल। सिंहपुर पुलिस ने महिला का शारीरिक शोषण करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। महिला थाना से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर सिंहपुर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा के तहत मामला पंजीबद्ध किया था। मामले में एक 27 वर्षीय शादीशुदा महिला ने शिकायत की थी। जिसमें उसने बताया कि, 25 वर्षीय दीपेश पटेल पिता ललन पटेल, निवासी- ग्राम बोडरी (शहडोल) ने उसे अपने पति को छोड़ने और शादी करने का प्रलोभन देकर विश्वास में लिया।
जिसके बाद आरोपी ने सर्वप्रथम 6 सितम्बर 2025 को उसके घर आकर झांसा देते हुए शारीरिक संबंध बनाए। इसके पश्चात वह लगातार 7 माह से शोषण करता रहा। अंतिम बार दिनांक 17 अप्रैल 2026 को उसने पुनः महिला के साथ दुष्कृत्य किया और बाद में शादी करने के वादे से मुकर गया। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार 23 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी आशीष झारिया के नेतृत्व में की गई। जिसमें सउनि लोलर प्रसाद मिश्रा, प्र.आर सत्यनारायण पाण्डेय व सोमित पटेल, आर. हीरालाल महरा की भूमिका प्रमुख रूप से रही।







