मध्य प्रदेशराज्य

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई : 20 हजार रिश्वत लेते एएसआई रंगे हाथ ट्रैप 

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में बुधवार को जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना में पदस्थ एएसआई दिनेश रघुवंशी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में एक पान दुकान के पास की गई। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

लोकायुक्त डीएसपी नीतू त्रिपाठी ने बताया कि प्रार्थी नंदकिशोर चौरसिया द्वारा लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके बेटे और साले को एफसीआई बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति ने 29 लाख रुपये की ठगी की थी। मामले की शिकायत के बाद कोतवाली थाना सिवनी में अपराध दर्ज किया गया था तथा आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

बताया गया कि इस प्रकरण की विवेचना एएसआई दिनेश रघुवंशी द्वारा की जा रही थी। आरोप है कि विवेचना सही तरीके से करने, हैंडराइटिंग रिपोर्ट अनुकूल बनवाने तथा मामले में कार्रवाई ठीक ढंग से करने के एवज में एएसआई ने 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए बुधवार को रिश्वत की पहली किश्त 20 हजार रुपये लेते समय एएसआई दिनेश रघुवंशी को रंगे हाथ पकड़ लिया।

लोकायुक्त टीम ने आरोपी के हाथ धुलवाकर रिश्वत की राशि जब्त की और मौके पर आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक लोकायुक्त टीम की कार्रवाई जारी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button