कटनी

नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत, CCTV फुटेज खंगालने में जुटा वन विभाग, घटनास्थल की घेराबंदी

कटनी/पवई, यशभारत। दक्षिण पन्ना वनमण्डल के अंतर्गत पवई वन परिक्षेत्र में बुधवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर शिकारपुरा के समीप एक तेंदुए की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घटना की सूचना रात लगभग 9:35 बजे वन विभाग को मिली, जिसके बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और करीब 9:50 बजे घटनास्थल पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। वन विभाग द्वारा तेंदुए के शव का प्रारंभिक परीक्षण किया गया, जिसमें श्वसन, आंखों की पुतलियों की प्रतिक्रिया, सीने की गतिविधि सहित अन्य जीवन संकेत नहीं पाए गए। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना में तेंदुए को गंभीर आंतरिक चोटें आई थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र को कॉर्डन ऑफ कर साक्ष्यों के लिए सुरक्षित किया गया है। रात से ही वनकर्मियों की ड्यूटी लगाकर घटनास्थल की निगरानी की जा रही है। वहीं वन विभाग की एक अन्य टीम शाहनगर के समीप स्थित टोल प्लाजा पहुंची, जहां CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वन विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पन्ना टाइगर रिजर्व के डॉग स्क्वाड को भी घटनास्थल पर बुलाया है। गुरुवार सुबह डॉग स्क्वाड एवं अन्य जांच प्रक्रियाओं के बाद तेंदुए के शव को सड़क से हटाया जाएगा। इसके पश्चात निर्धारित SOP एवं वन्यजीव प्रोटोकॉल के अनुसार पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार की कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button