कटनी

रीठी में शराब माफियाओं का आतंक, गांव-गांव खुलेआम हो रही अवैध शराब की बिक्री

कटनी, यशभारत। रीठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों में इन दिनों शराब से जुड़ी समस्याएं विकराल रूप लेती जा रही हैं। एक ओर जहां शासकीय शराब दुकानों के ठेकेदारों पर गांव-गांव पैकारियों के माध्यम से अवैध शराब बिक्री कराने के आरोप लग रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर निर्धारित कीमत से अधिक दरों पर शराब बेचकर खुलेआम मनमानी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध और अनियंत्रित शराब बिक्री के कारण गांवों का सामाजिक वातावरण तेजी से बिगड़ रहा है। जगह-जगह शराबियों का जमावड़ा लगने से असामाजिक गतिविधियों में वृद्धि हो रही है। नशे की हालत में लोग घरों से जेवर, अनाज और अन्य कीमती वस्तुओं की चोरी कर रहे हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल व्याप्त है। स्थिति तब और गंभीर हो जाती है, जब कोई व्यक्ति शराब की बढ़ी हुई कीमतों का विरोध करता है। आरोप है कि ठेकेदार के गुर्गों द्वारा विरोध करने वालों के साथ मारपीट, गुंडागर्दी और लूटपाट की जाती है। इतना ही नहीं पीडि़तों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती है। कई बार तो तुरंत पुलिस को बुलाकर उल्टा शिकायतकर्ता को ही आरोपी बनाकर पुलिस के हवाले कर दिया जाता है। महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि शाम होते ही गांवों में असुरक्षा का माहौल बन जाता हैए जिससे उनका घर से बाहर निकलना कठिन हो गया है। पारिवारिक विवाद और मारपीट की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश सरकार और जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा नशे के खिलाफ सख्त निर्देश और अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद जमीनी स्तर पर इन आदेशों का असर दिखाई नहीं दे रहा है। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाएए शासकीय दुकानों में निर्धारित दरों का सख्ती से पालन कराया जाए और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीणों ने व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी है। अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button