जिला भाजपा अध्यक्ष ,सागर महापौर के बीच कलह को प्रदेश संगठन ने लगाया विराम: संगीता तिवारी ने प्रदेश कार्यालय में लगाई हाजरी

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)l भाजपा जिला संगठन और नगर निगम महापौर श्रीमती संगीता डॉ सुशील तिवारी के बीच चल रही कलह पर फिलहाल विराम लग गया है। महापौर संगीता तिवारी ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर अपनी सफाई दे दी है। प्रदेश पदाधिकारियों ने उन्हें जरूरी निर्देश देकर संगठन से समन्वय बनाए रखने की हिदायत दी है।
सागर नगर निगम की महापौर संगीता तिवारी ने रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी के मुखिया वीडी शर्मा, संगठन मंत्री हितानंद तथा कार्यालय मंत्री भगवान दास सबनानी के समक्ष पहुंचकर नोटिस के संबंध में अपनी सफाई दी है। अपनी सफाई में उन्होंने गुरुवार को अन्य प्रदेश में इलाजरत किसी रिश्तेदार के पास उपस्थिति का हवाला देखकर भोपाल कार्यालय में हाजिर नहीं हो पाने के लिए माफी मांगी है। इसके अलावा अपने लिखित स्पष्टीकरण में उन्होंने बताया कि मेयर इन काउंसिल से निवृत की गई एमआईसी सदस्य अत्यधिक वृद्धावस्था के चलते गतिविधियों में सक्रियता से शामिल नहीं हो पा रही थी। उनके स्थान पर अपेक्षाकृत रूप से सक्रिय व अनुभवी परकोटा वार्ड पार्षद शैलेंद्र ठाकुर को लिया गया है जो न्याय संगत तथा परिस्थितिजन्य जरूरी था। एमआईसी में परिवर्तन के लिए प्रदेश नेतृत्व से अनुमति लेने की बात पर उन्होंने इस बाबत जानकारी नहीं होने का हवाला देकर प्रदेश नेतृत्व में समक्ष खेद व्यक्त कर भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने की बात कही है। बताया जाता है कि प्रदेश नेतृत्व ने महापौर संगीता तिवारी की बात से संतुष्ट होते हुए उन्हें स्थानीय संगठन एवं जनप्रतिनिधियों से जरूरी तालमेल बनाए रखने की हिदायत दी है। जिस पर महापौर संगीता तिवारी ने अपनी सहमति जताई है।
गौरतलब है कि भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने बीते दिनों प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को महापौर संगीता तिवारी के खिलाफ एक शिकायती पत्र सोपा था। जिसके बाद संगीता तिवारी को प्रदेश भाजपा द्वारा अनुशासनहीनता का नोटिस थमाते हुए भोपाल तलब किया था। महापौर संगीता तिवारी द्वारा प्रदेश नेतृत्व के सामने हाजिरी लगाए जाने के बाद फिलहाल तो मामला थम गया है लेकिन आगे भी सामंजस्य बना रहेगा इस बात में संदेह ही है।