प्रेमी के साथ मिलकर पति पर करवाया अटैक, घर पर सोते समय दिया वारदात को अंजाम, पत्नी को गिरफ्तार किया पुलिस ने, महिला के प्रेमी की तलाश कर रही पुलिस

कटनी/पवई, यशभारत। कटनी जिले से सटे पवई थाना क्षेत्र में पति की हत्या के प्रयास के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सोते समय पति पर गैंती से वार करवाए थे। थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार ने बताया कि 14 जुलाई को कृष्णगढ़ निवासी चंद्रभान लोधी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका छोटा भाई कृष्णकुमार लोधी रात में अपनी पत्नी के साथ कमरे में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और गैंती से उसके शरीर पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रिफर किया गया। मामले में पवई थाने में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। एसपी निवेदिता नायडू, एएसपी वंदना सिंह तथा एसडीओपी भावना दांगी के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और संदेह के आधार पर घायल की पत्नी से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह पति द्वारा लगातार मारपीट और अपमान से परेशान थी। इसी कारण उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत रात में सोते समय पति पर गैंती से कई जानलेवा वार किए गए। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पन्ना भेज दिया गया। वहीं घटना में शामिल महिला के प्रेमी की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार, उपनिरीक्षक एम एल कोल, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र प्रजापति, प्रधान आरक्षक कमलेश शर्मा तथा महिला आरक्षक खुशबू सिंह बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







