ऑटो-बाइक की सीधी भिंड़त, गर्भवती महिला समेत कई घायल, शाहनगर मार्ग पर सडक़ हादसा

शाहनगर, यशभारत। ग्राम पंचायत सर्रा शाहनगर मार्ग पर शनिवार को एक भीषण सडक़ हादसे में गर्भवती महिला सहित कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई, जब ग्राम सुरु निवासी देवेंद्र कुमार आदिवासी अपने ऑटो से गमी में शामिल होने के लिए सवारियों को लेकर छुलाई जा रहे थे। इसी दौरान महुआडोल से सारंगपुर की ओर जा रहे बाइक सवारों की ऑटो से आमने-सामने जोरदार ठोकर हो गई। हादसे में बाइक चालक लवकेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उनका पैर टूट गया, जबकि उनके साथ बैठे एक रिश्तेदार के पैर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। बाइक पर सवार एक गर्भवती महिला भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई है। वहीं ऑटो में सवार कई महिलाओं को भी चोटें आईं। इनमें कंधी को गंभीर चोट लगी है, जबकि आमसिया आदिवासी सहित अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। संयोगवश जयस संगठन के जिला कार्यवाहक अध्यक्ष रामपाल सिंह गोंडेला उसी मार्ग से सारंगपुर जा रहे थे। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रोककर ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया। उन्होंने ग्राम सर्रा और महुआडोल के लोगों को सूचना देने के साथ ही डायल 112 पुलिस एवं 108 एंबुलेंस को भी सूचना दी। बताया गया कि 108 एंबुलेंस के पहुंचने में देरी होने पर घायलों के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें निजी वाहनों से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।






