अमृतसर से पकड़ा गया लूट का आरोपी, झिंझरी पुलिस ने किया गिरफ्तार, एक महीने से था फरार

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र झिंझरी पुलिस चौकी के अंतर्गत विगत 21 मई को हुई लूट के मामले में पुलिस ने आरोपी को अमृतसर पंजाब से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। चौकी प्रभारी राजेश दुबे ने बताया कि विगत 21 मई को फरियादी ने झिंझरी चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह 5.45 बजे बढ़ई के काम से अपने पिता के साथ अपनी मोटर साइकिल से ग्राम गैतरा से धरमपुरा जा रहा था। धरमपुरा जाने के लिये पिपरौंध से जयंतीनगर मार्ग पर दो व्यक्ति रास्ते में दिखे। दोनो व्यक्ति अपने हाथ फैलाकर रोकने लगे। एक व्यक्ति अपने हाथ में कट्टा लिए हुए था। जब फरियादी नहीं रुका व उनके बीच से बाइक निकालना चाहा तो दोनो में से एक व्यक्ति ने फरियादी के पिता का हाथ पकडक़र खींच लिया, जिससे उसके पिता बाइक से गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने कट्टा अड़ाकर मोटर साईकिल में बैठ जबलपुर कटनी हाईवे की ओर भाग गये। रिपोर्ट पर माधवनगर थाने में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। झिंझरी पुलिस ने हाइवे में लगे कैमरों व सायबर सेल कटनी की मदद से आरोपियों की पतासाजी कर टीम गठित की। पुलिस ने लूट मामले के मुख्य आरोपी मनराज उर्फ मनमोहित सिंह पिता रजिन्द्र सिंह उम्र 35 साल निवासी मीराकोर्ट थाना कम्बो जिला अमृतसर को 24 जून को अमृतसर पंजाब से गिरफ्तार किया है। जिसे वैधानिक कार्यवाही उपरांत माननीय न्यायालय मे पेश किया गया है। मामले के अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है, जिन्हे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।







