खड़ी यात्री बस में पीछे से घुसा तेज रफ्तार ट्रक : एक यात्री की मौत,18 यात्री घायल

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर रविवार सुबह सिरमंगनी गांव के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भोपाल से मंडला जा रही एक यात्री बस सड़क किनारे खड़ी थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे में एक यात्री देवेंद्र पटेल उम्र 40 निवासी ग्राम कहानी की मौत हो गई, लगभग 15 यात्री घायल हो गए। इनमें से 5 लोगो को मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य यात्रियों को कम चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही लखनादौन थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल लखनादौन पहुंचाया, जहां सभी का उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्री की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल अथवा मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस कुछ समय के लिए सड़क किनारे रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सीधे बस के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर के कारण बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। हादसे के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवाकर सुचारु कराया।
लखनादौन थाना प्रभारी के.पी. धुर्वे ने बताया कि सिरमंगनी गांव के पास ट्रक द्वारा बस को टक्कर मारने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया गया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। एक यात्री की मौत हो गई जिसे पीएम के लिए भेजा गया है,प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे का कारण मानी जा रही है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 प्रदेश के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन और यात्री बसें गुजरती हैं। यातायात विशेषज्ञों का कहना है कि तेज रफ्तार, पर्याप्त दूरी न बनाए रखना और असावधानी ऐसी दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
घायलो के नाम
रघुवीर साहू पिता भुन्नीलाल साहू उम्र 50 वर्ष,विद्या साहू पति रघुवीर साहू उम्र 42 वर्ष,देवलाल पिता चेतराम झारिया उम्र 50 वर्ष,रतन लाल पिता रूपसिंह साहू उम्र 60 वर्ष,दिगलो बाई पति हेमंत कुमार यादव उम्र 50 वर्ष,अनिता पति अरविंद सिंह राजपूत उम्र 34 वर्ष,सुखवती पति नेतराम मेहरा उम्र 85 वर्ष,लता राजपूत पति सतेंद्र राजपूत उम्र 34 वर्ष,अरविंबद राजपूत पिता दर्शन राजपूत उम्र 35 वर्ष,संदीप पिता कृष्ण रमन यादव उम्र 46 वर्ष,नेम सिंह पिता दशरत लाल मरकाम उम्र 50 वर्ष,दुम्मा पिता बारेलाल भारती उम्र 45 वर्ष,राजकुमार पिता जयसिंग पन्द्रे उम्र 34 वर्ष,बदराइन पति शंकर तेकाम उम्र 60 वर्ष,आनंद बाई पति सरकार सिंह ठाकुर उम्र 50 वर्ष,अभय पिता सरजू प्रसाद नामदेव उम्र 25 वर्ष,कुंवर सिंह मरकाम पिता बाबूलाल मरकाम उम्र 37 वर्ष है।







