वीआईपी रोड पर स्टंटबाजी कर रहे बाइकर्स पर पुलिस ने की कार्रवाई

वीआईपी रोड पर स्टंटबाजी कर रहे बाइकर्स पर पुलिस ने की कार्रवाई
राजधानी में दहशत फैलाने वाले दो राइडर्स हिरासत में, तलैया थाने को सौंपा गया
भोपाल, यशभारत। राजधानी के वीआईपी रोड पर सोमवार देर रात स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन दौड़ाकर लोगों में दहशत फैलाने वाले बाइक सवारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में डालने वाले इन राइडर्स को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। सूबेदार जितेंद्र अटेरिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपियों को तलैया थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।
संदिग्ध हालत में खड़ी थी बाइक, फिर शुरू हुआ खूनी खेल
पुलिस के मुताबिक, गश्त के दौरान वीआईपी रोड पर एक बाइक संदिग्ध हालत में खड़ी नजर आई थी। कुछ ही देर बाद बाइक सवारों ने अचानक रफ्तार बढ़ाई और सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन दौड़ाना शुरू कर दिया। स्टंटबाजों की इस हरकत से वहां मौजूद लोगों और अन्य चालकों में डर का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार सड़क पर जानलेवा स्टंट कर रहे थे। वे कभी तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते तो कभी अचानक ब्रेक लगाकर गाड़ी को घुमा रहे थे। हादसे की आशंका को देखते हुए कई वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां किनारे रोक लीं ताकि वे सुरक्षित रह सकें।






