दोस्तों के साथ रिसॉर्ट में पार्टी करने गया था युवक, स्विमिंग पूल में मिला शव – कजलीखेड़ा स्थित केके रिसॉर्ट में सामने आया मामला

दोस्तों के साथ रिसॉर्ट में पार्टी करने गया था युवक, स्विमिंग पूल में मिला शव
– कजली खेड़ा स्थित केके रिसॉर्ट में सामने आया मामला
भोपल, यश भारत। कजलीखेड़ा स्थित केके रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक विधायक भगवानदास सबनानी के बंगले पर काम करता था। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। युवक अपने दोस्तों के साथ रिसॉर्ट में पार्टी करने गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कुनाल महावत (22) पिता बलवीर महावत निवासी बरखेड़ी के रूप में हुई है। शक्रवार रात वह अपने दोस्त अनीकेत शाक्य और दो अन्य साथियों के साथ कजलीखेड़ा स्थित केके रिसॉर्ट गया था। चारों दोस्त रिसॉर्ट के एक हिस्से में बैठे हुए थे। कुछ देर बाद कुनाल वहां से उठकर कहीं चला गया। दोस्तों को लगा कि वह टॉयलेट गया होगा, इसलिए शुरुआत में ज्यादा ध्यान नहीं दिया। जब काफी देर तक वह वापस नहीं आया और फोन कॉल भी नहीं लगा तो दोस्तों ने उसकी तलाश शुरू की।
करीब 20 मिनट तक आसपास खोजने के बाद जब वे स्विमिंग पूल के पास पहुंचे तो पानी में कुनाल का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। दोस्तों ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला और पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे देखने से इनकार कर दिया और जेके अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद उसे जेके अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कुनाल को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोस्तों के अनुसार कुनाल को पूरी तरह से तैरना नहीं आता था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






