मुख्य ख़बरें

मौसम ने बदली करवट, रिमझिम बारिश से बढ़ी ठंडक : रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ा असर; छाता लेकर स्कूल पहुंचे बच्चे…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। शनिवार को जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में रिमझिम बारिश का दौर देखने को मिला
आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर हो रही बूंदाबांदी से मौसम में ठंडक घुल गई। पिछले दिनों तक सामान्य बने मौसम के बीच अचानक हुई बारिश ने लोगों को बदलते मौसम का अहसास करा दिया।

बेमौसम बारिश ने जहां मौसम को सुहावना बना दिया, वहीं जरूरी कामों से घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और रिमझिम बूंदें गिरती रहीं। सड़कों पर आवाजाही करने वाले दोपहिया वाहन चालकों को बारिश से बचने के लिए रेनकोट और छातों का सहारा लेना पड़ा। वहीं पैदल आने-जाने वाले लोग भी बारिश से बचने के लिए सुरक्षित स्थान तलाशते नजर आए।

बारिश का असर स्कूली बच्चों की दिनचर्या पर भी दिखाई दिया। शनिवार को कई बच्चे छाता लेकर विद्यालय जाते नजर आए। अभिभावकों को भी बच्चों को बारिश से बचाकर स्कूल पहुंचाने की चिंता रही। अचानक बदले मौसम के कारण बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही प्रभावित दिखाई दी।

मौसम में आए इस बदलाव के चलते लोगों को दिन के समय भी हल्की ठंडक महसूस हुई। खासकर सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज बदल दिया। लंबे समय बाद हुई इस तरह की बारिश से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं मौसम प्रेमियों ने सुहाने मौसम का आनंद लिया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सिवनी में 21 नवंबर को बादल छाए रहने के साथ बारिश अथवा गरज-चमक की संभावना जताई गई है। आने वाले दिनों में सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध रहने के आसार भी हैं।

मौसम में अचानक आए बदलाव को देखते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव करने तथा बारिश में भीगने से बचने की सलाह दी जा रही है। फिलहाल रिमझिम बारिश और बादलों की मौजूदगी से सिवनी का मौसम खुशनुमा बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button