भालुओं का हमला : सिर के जख्मों से बहता रहा मवाद, सोता रहा सिस्टम; पूर्व मंत्री ने बढ़ाया मदद का हाथ, निजी एंबुलेंस से भिजवाया भोपाल

सागर, यशभारत lरहली विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने वन विभाग तथा वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व प्रबंधन की संवेदनहीन कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। भालुओं के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए एक आदिवासी युवक को समय पर उचित इलाज और शासन की ओर से आर्थिक सहायता न मिलने पर भार्गव ने सोशल मीडिया के माध्यम से गहरी नाराजगी जताई है। पीड़ित की दयनीय हालत देखते हुए उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए अपनी निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कर उसे बेहतर उपचार के लिए भोपाल रवाना किया है।
तीन भालुओं ने किया था जानलेवा हमला
घटना गत 9 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे की है। गढ़ाकोटा तहसील के ग्राम बमनौदा निवासी 40 वर्षीय माधव पुत्र मोहन आदिवासी पर तीन भालुओं ने अचानक हमला कर दिया था। वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व की सीमा से सटे इस गांव में हुए हमले से माधव लहूलुहान होकर अचेत हो गए। मौके पर मौजूद चरवाहों ने उन्हें तत्काल दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर रेफर किया गया। वहां करीब 15 दिनों तक उपचार चलने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
अधिकारियों ने नहीं ली सुध
पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने बताया कि हमले के बाद माधव लंबे समय तक बेहोश रहे और अशिक्षित होने के कारण वे सरकारी प्रक्रियाओं से अनभिज्ञ हैं। इसके बावजूद जगतराई वन चौकी के मैदानी अमले और वन मंडल के जिम्मेदार अधिकारियों ने पीड़ित परिवार की कोई सुध नहीं ली। शासन की ओर से न तो कोई राहत राशि दी गई और न ही आगे के इलाज का प्रबंध किया गया। हाल ही में पड़ोसी ग्राम खुमेरिया निवासी राजकुमार मिश्रा घायल माधव को लेकर विधायक भार्गव के पास पहुंचे। माधव के सिर के पुराने घावों से आज भी लगातार मवाद व पानी निकल रहा है, रात में दर्द बढ़ने के साथ ही उनकी गर्दन में लगातार कंपन हो रहा है।
गंभीर स्थिति को देखते हुए भार्गव ने तुरंत अपनी निजी एंबुलेंस से परिजनों के साथ माधव को भोपाल के लिए रवाना कराया। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र का बड़ा हिस्सा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आता है, जहां वन्यजीवों के हमलों की घटनाएं आम हो गई हैं, लेकिन कोई भी अधिकारी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। भार्गव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि एक तरफ ग्रामीण वन विस्थापन की प्रक्रिया से नाराज हैं, वहीं दूसरी ओर वन्यजीवों के हमलों से असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐसे संवेदनशील मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को मैदानी क्षेत्रों में पदस्थ रखना कतई उचित नहीं है।







