Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

चार खंभा इलाके में किशोर की नृशंस हत्या, 6-7 बदमाशों ने किया हमला, देखे वीडियो……

जबलपुर, यशभारत। शहर में बेखौफ बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। चाकूबाजी की एक और सनसनीखेज वारदात में हमलावरों ने 17 वर्षीय किशोर को घेरकर चाकुओं से गोद डाला। हनुमानताल थाना क्षेत्र के नसीमाबाद स्थित चार खंभा बारात घर के सामने हुई इस वारदात में गंभीर रूप से घायल किशोर ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ दिया। देर रात इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

1794798516 001

जानकारी के अनुसार, मृतक नौशाद अली अपने चाचा के साथ वेल्डिंग का काम करता था। घटना के समय वह रास्ते से गुजर रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे करीब 5 से 7 बदमाशों ने उसे पीछे से घेर लिया। हमलावरों ने पहले उसे धक्का देकर जमीन पर गिराया और फिर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। खून से लथपथ किशोर को छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में नौशाद को तत्काल जिला अस्पताल विक्टोरिया पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महज 17 साल की उम्र में नौशाद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

मृतक के चाचा नासिर अली, निवासी नसीमाबाद, चार खंभा मजार के सामने ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि पूर्व में चोरी की एक घटना को लेकर नौशाद और कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान कहासुनी के साथ मारपीट भी हुई थी। आशंका है कि इसी विवाद का बदला लेने के लिए आरोपियों ने नौशाद की हत्या कर दी।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात के पीछे की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button