शिक्षकों की मांगों पर सरकार को उमंग सिंघार की चेतावनी , कुंभकरण की नींद सो रही सरकार, 3 लाख शिक्षकों की समस्याओं पर नहीं कर रही संवाद, विधानसभा में मुद्दा उठाएगी कांग्रेस

शिक्षकों की मांगों पर सरकार को उमंग सिंघार की चेतावनी
कुंभकरण की नींद सो रही सरकार, 3 लाख शिक्षकों की समस्याओं पर नहीं कर रही संवाद; विधानसभा में मुद्दा उठाएगी कांग्रेस
भोपाल, यश भारत। प्रदेश के करीब तीन लाख शिक्षकों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षकों की समस्याओं को लेकर कुंभकरण की नींद सो रही है और उनसे संवाद करने को तैयार नहीं है। सिंघार ने कहा कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों की मांगों की अनदेखी करना उनके साथ अन्याय है। सिंघार ने शिक्षकों की ई अटेंडेंस वर्ष 2010 के बाद की परीक्षाओं, अनुकंपा नियुक्ति और वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति जैसी मांगों को जायज बताते हुए सरकार से गंभीरता से विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षक वर्षों से अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें परीक्षा देने की सलाह दे रही है।
मंत्री के बयान पर उठाए सवाल
राज्य मंत्री के कथित बयान ‘परीक्षा दो, बाकी सब हम देख लेंगे’ पर सवाल उठाते हुए सिंघार ने पूछा कि क्या राज्य मंत्री स्वयं परीक्षा पास करके मंत्री बने हैं? उन्होंने कहा कि 15 से 20 वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों के भविष्य और उनके परिवारों की जिम्मेदारी कौन लेगा? शिक्षकों ने अपने बच्चों की पढ़ाई, शादियों और पारिवारिक जरूरतों के लिए कर्ज तक लिया है। ऐसे में उनकी सेवा और भविष्य से जुड़े फैसलों पर सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। सिंघार ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शिक्षकों के साथ बैठकर उनकी मांगों और समस्याओं पर चर्चा नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र में जोर-शोर से उठाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों शिक्षकों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कांग्रेस उनके अधिकारों की लड़ाई सदन से लेकर सड़क तक लड़ेगी।







