इनामी चरस तस्कर बिहार से गिरफ्तार, 1.63 किलोग्राम अवैध चरस जब्त

इनामी चरस तस्कर बिहार से गिरफ्तार, 1.63 किलोग्राम अवैध चरस जब्त
भोपाल,यशभारत। भोपाल क्राइम ब्रांच पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी फरार मुख्य सप्लायर को बिहार के बेतिया से धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से लगभग 1.630 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई है।
मिली जानकाररी के अनुसार मामले की शुरुआत में क्राइम ब्रांच ने हवा महल, इमामीगेट निवासी आरोपी मंजूर मोहम्मद खान उर्फ जुनेद को पकड़ा था। आरोपी से पूछताछ और उसके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने शाहजहांनाबाद निवासी सह-आरोपी नौशीन खान और जावेद खान को 1.630 किलोग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार कर अपराध दर्ज किया था।
प्रकरण की विवेचना के दौरान मुख्य सप्लायर मुमताज मियां का नाम सामने आया, जो घटना दिनांक से ही लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। फरार आरोपी की तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम ने जबलपुर, मैहर, रीवा, वाराणसी, जमशेदपुर, देवघर, पटना और मुजफ्फरपुर होते हुए बेतिया (पश्चिम चंपारण, बिहार) तक लंबा सफर तय किया।
रक्सौल, नरकटियागंज और बेतिया में लगातार पतारसी व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी मुमताज मियां (34 वर्ष) पिता मुख्तार मियां को गिरफ्तार कर लिया।






