काल बना बेकाबू ट्रक: रफ्तार का खूनी खेल ; युवक की थमी सांसें, दोस्त बुरी तरह घायल

बालाघाट । बालाघाट में भीषण सड़क हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
यहां भरवेली और आंवलाझरी के बीच शंकर मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान गौरव राऊत (20) की मौत हो गई। जबकि इस भीषण हादसे में उसका दोस्त अंशुल मर्सकोले (24) घायल है। उसके सिर और बाएं पैर में चोट आई है।
बताया जा रहा है कि बूढ़ी निवासी गौरव पिता विजय राऊत और दीनदयालपुरम निवासी अंशुल पिता वीरसिंह मर्सकोले गांगुलपारा घूमने गए थे। शाम को दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भरवेली और आंवलाझरी के बीच शंकर मंदिर के पास ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ऑटो की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां दोनों का इलाज शुरू किया गया, लेकिन देर रात गौरव ने दम तोड़ दिया। अंशुल का अस्पताल में इलाज जारी है।
अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा किया। जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर ट्रक जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।







