मुख्य ख़बरें

घात लगाकर दागीं गोलियां : दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

युवक पर फायरिंग कर हत्या की कोशिश का मामला, घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

सतना। नागौद थाना क्षेत्र में युवक पर गोली चलाकर हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान इटौरा खुर्द निवासी अभिलाष लोधी (30), पिता अयोध्या प्रसाद लोधी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने बारापत्थर पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की और अभिलाष लोधी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

मामला 8 नवंबर का है। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे अभिलाष लोधी और प्रिंस यादव सतन पट्टी निवासी घनश्याम कुशवाहा (22) के घर पहुंचे। वहां उन्होंने घनश्याम के पिता से उसके बारे में जानकारी ली। पिता ने बताया कि वह नागौद गया हुआ है। इसके बाद दोनों आरोपी ललचहा मोड़ पर राणा यादव की दुकान के पास घनश्याम के लौटने का इंतजार करने लगे।

कुछ देर बाद घनश्याम अपने साथी राजा यादव के साथ नागौद से घर लौट रहा था। रास्ते में दोनों आरोपियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज और धमकी देने के बाद प्रिंस यादव ने पिस्टल से तीन फायर किए। इनमें एक गोली हवा में चलाई गई, जबकि दो गोलियां घनश्याम को निशाना बनाकर दागी गईं। एक गोली उसे नहीं लगी, जबकि दूसरी उसके पैर में जा धंसी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस ने मामले में पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। अब दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी और पिस्टल बरामदगी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button