कुंडम के तिलसानी हाईस्कूल में लापरवाही उजागर,प्रभारी प्राचार्य सहित छह शिक्षकों पर गिरी गाज

जबलपुर,यश भारत। कुंडम विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल तिलसानी में विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर कमजोर मिलने और शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर लोक शिक्षण विभाग ने कार्रवाई की है। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग घनश्याम सोनी ने पांच शिक्षकों की एक-एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश दिए हैं। वहीं प्रभारी प्राचार्य की दो वेतनवृद्धि रोकने का प्रस्ताव आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल को भेजा गया है।
मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम के तहत 9 अक्टूबर को विद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की कम उपस्थिति, कमजोर शैक्षणिक स्तर, अधूरी दैनिक डायरी और विद्यार्थी रजिस्टर जैसी कमियां सामने आई थीं। विद्यार्थियों को नियमित गृहकार्य देने की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा विद्यालय परिसर में स्वच्छता का अभाव और पिछले वर्ष की तुलना में बोर्ड परीक्षा परिणाम में गिरावट पाई गई। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी प्राचार्य अर्चना यादव सहित शिक्षक अशोक साहू, संगीत नोरोजी, गुलफिसा नूरी, ममता ठाकुर और रंजना प्रजापति को 12 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। संबंधित शिक्षकों और प्रभारी प्राचार्य ने 17 अक्टूबर को अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया, लेकिन संयुक्त संचालक ने जवाबों को असंतोषजनक पाया।
इसके बाद पांचों शिक्षकों की एक-एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने की कार्रवाई की गई। प्रभारी प्राचार्य अर्चना यादव की दो वेतनवृद्धियां रोकने के संबंध में प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं विकासखंड स्रोत समन्वयक और जनशिक्षक को विद्यालय का नियमित निरीक्षण करने तथा शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संयुक्त संचालक घनश्याम सोनी ने संभाग के सभी प्राचार्यों और शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई कराने और शैक्षणिक अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए हैं। जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को भी निरीक्षण के दौरान शिक्षण व्यवस्था, स्वच्छता और विद्यार्थियों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है।







