भोपाल के अलग-अलग इलाकों में दो युवकों ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी

भोपाल के अलग-अलग इलाकों में दो युवकों ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना अवधपुरी थाना इलाके के बल्लभ नगर की है। यहाँ रहने वाले अनिल वर्मा नाम के युवक ने अपने ही घर में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
वहीं दूसरी घटना मिसरोद थाना इलाके से सामने आई है। यहाँ रहने वाले राजा कहर पिता छोटेलाल ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही मिसरोद थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुँचाया। पुलिस दोनों ही मामलों में परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।







