
गढ़ा में महिला से चेन और मंगलसूत्र लूटने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
जबलपुर, यश भारत। गढ़ा थाना क्षेत्र में महिला से चाकू की नोक पर सोने की चेन और मंगलसूत्र लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपितों राकेश झारिया (26), निवासी आजाद नगर सूपाताल और सलमान शाह (22), निवासी आजाद नगर सूपाताल को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, मंगलसूत्र के टुकड़े, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 11 सितंबर की रात आरती ठाकुर अपनी मां के साथ स्कूटी से गढ़ा सामुदायिक भवन में जन्मदिन की पार्टी से घर लौट रही थीं। उनके पिता भी कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल से पीछे चल रहे थे। पिसनहारी मढ़िया के पहले मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के सामने वाहन लगाकर उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि पीछे बैठे युवक ने चाकू दिखाकर चेन और मंगलसूत्र देने की धमकी दी और दोनों आभूषण खींचकर साथी के साथ मेडिकल की ओर फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। फुटेज के आधार पर दोनों आरोपितों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार दोनों ने वारदात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर करीब 33.27 ग्राम वजन के आभूषण, चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की गई। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।






