मध्य प्रदेशराज्य

दर्दनाक वारदात: घर के बाहर लहूलुहान हालत में मिला ई-रिक्शा चालक का शव; इलाके में हड़कंप

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बिलहरा नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-1 में युवक का शव उसके ही घर के बाहर अत्यंत लहूलुहान और संदिग्ध हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के चेहरे और गले पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है।

यश भारत के संभागीय ब्यूरो को प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की शिनाख्त सोनू पिता जमना अहिरवार के रूप में की गई है, जो पेशे से ई-रिक्शा चलाता था। परिजनों के मुताबिक, सोनू बुधवार की रात करीब 10 बजे अपने घर पहुंचा था, लेकिन गुरुवार की अलसुबह उसका लहूलुहान शव घर के बाहर पड़ा मिला।

फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही बिलहरा चौकी प्रभारी सत्यव्रत धाकड़ एवं सुरखी थाना पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर से एफएसएल साइंटिफिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था और इसी पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी पिछले चार महीने से बच्चों सहित अलग रह रही थी। पुलिस इस बिंदु को भी अपनी जांच के दायरे में रखकर चल रही है।

 

बिलहरा चौकी प्रभारी सत्यव्रत धाकड़ ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि मृतक सोनू के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगा।

नगर परिषद ने की आर्थिक सहायता:

मृतक के परिवार की दयनीय आर्थिक स्थिति को देखते हुए नगर परिषद बिलहरा द्वारा अंतिम संस्कार हेतु तत्काल 5 हजार रुपये की नकद सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button