ट्राली चोरी का पर्दाफाश: पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा, 8.80 लाख का मशरूका बरामद

दमोह। खेत से ट्राली चोरी के मामले में फुटेरा चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई करीब 80 हजार रुपये कीमत की ट्राली बरामद की है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किया गया करीब 8 लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 8 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
पुलिस के मुताबिक, ग्राम फुटेरा कलां निवासी दामोदर पिता कालूराम लोधी (55) ने खेत से ट्राली चोरी होने की शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर थाना बटियागढ़ में अपराध क्रमांक 304/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई, जिसने जांच के बाद चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर भी पुलिस के कब्जे में
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाबा उर्फ सुंदरलाल यादव निवासी फुटेरा, थाना बटियागढ़, दिनेश पटेल निवासी सागोनी और तानू भील निवासी शहपुरा माल, थाना रजपुरा, जिला दमोह के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी गई ट्राली के साथ वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में, एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी और थाना प्रभारी बटियागढ़ रजनी शुक्ला के मार्गदर्शन में की गई। फुटेरा चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक आनंद कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले का खुलासा किया।






