मुख्यमंत्री आवास के करीब आदिवासी-दलित छात्रावास बदहाल, उमंग सिंघार ने सरकार को घेराजर्जर भवन और बुनियादी सुविधाओं की कमी पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री आवास के करीब आदिवासी-दलित छात्रावास बदहाल, उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा
जर्जर भवन और बुनियादी सुविधाओं की कमी पर उठाए सवाल
भोपाल,यश भारत। मुख्यमंत्री आवास से चंद मिनट की दूरी पर स्थित डॉ. अंबेडकर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति महाविद्यालयीन छात्रावास की बदहाली को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। छात्रावास पहुंचे सिंघार ने विद्यार्थियों से संवाद किया और अपने प्रयासों एवं निधि से स्थापित कम्प्यूटर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। सिंघार ने बताया कि पिछली बार छात्रावास भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने लाइब्रेरी की मांग रखी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए कम्प्यूटर लाइब्रेरी की व्यवस्था कराई गई, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी। वहीं छात्रावास का निरीक्षण करते समय जर्जर भवन और स्नान के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। सिंघार ने आरोप लगाया कि ऐतिहासिक छात्रावास सरकार की उपेक्षा के कारण खंडहर में तब्दील होने की कगार पर है। जब राजधानी में मुख्यमंत्री आवास के पास ही विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रहीं, तो दूरदराज के छात्रावासों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं और घोषणाओं से आगे बढ़कर धरातल पर सुविधाएं उपलब्ध कराए। दलित और आदिवासी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और आवासीय सुविधाएं देना सरकार की जिम्मेदारी है।







