खंडवा में आदिवासी महिला से दुष्कर्म का मामलाः राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार से फोन पर बात की, वीडियो में सुने राहुल ने क्या कहा….

खंडवा में आदिवासी महिला के दुष्कर्म मामले में कांग्रेस नेताप्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार से फोन पर बात की। इस दौरान राहुल गांधी ने विक्रांत भूरिया से कहा कि पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करें। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में आदिवासी महिला के साथ हुए गैंगरेप और उसकी मौत के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पीड़िता के परिवार से बात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया.
यह घटना बीते शुक्रवार रात की है, जब 45 वर्षीय कोरकू जनजाति की महिला के साथ दो युवकों ने गैंगरेप किया. दरिंदों की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, महिला को इतनी बुरी तरह से प्रताड़ित किया गया कि शनिवार को उसकी मौत हो गई. डॉक्टरों के अनुसार, महिला की मौत अत्यधिक खून बहने के कारण हुई.
कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपी भी पीड़िता के ही गांव के रहने वाले हैं और कोरकू जनजाति से ताल्लुक रखते हैं. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 66 (मृत्यु कारित करना), 70(1) (गैंगरेप) और 103(1) (हत्या की सजा) के तहत मामला दर्ज किया गया है.







