30 अगस्त के पहले घोषित हो सकता है भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का नगर अध्यक्ष, अध्यक्ष और महामंत्री की होगी एक साथ घोषणा
आखिरी दौड़ में तीन नाम, दो को मोर्चा तो एक को प्रकोष्ठ से करेंगे संतुष्ट

जबलपुर, यश भारत। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा को लेकर रुकी हुई नगर अध्यक्षों के नाम की सूची 30 अगस्त या उसके पहले घोषित हो सकती है। पिछले दिनों संगठन की बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री के द्वारा 30 अगस्त तक सभी नियुक्तियां करने को लेकर डेडलाइन तय कर दी गई। इसके बाद माना जा रहा है कि आने वाले दो-चार दिनों में रक्षाबंधन के पहले या रक्षाबंधन के तुरंत बाद युवा मोर्चा सहित अन्य नियुक्तियां हो जाएंगी।
यदि जबलपुर जिले की बात करें तो ग्रामीण के बाद नगर अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कई तरह की अटकलें लग रही हैं। जानकारी के मुताबिक जिला संगठन के द्वारा जो नाम भेजे गए थे, उसमें से तीन नाम आखिरी दौड़ में शामिल थे। इसमें से अब जो अंतिम जानकारी सामने आ रही है, उसमें यह फार्मूला बनाया गया है कि एक को अध्यक्ष बनाया जाएगा तो दूसरे को महामंत्री की जिम्मेदारी दी जाएगी, वहीं दूसरे नाम को किसी महत्वपूर्ण प्रकोष्ठ में सेट किया जाएगा।
जो दो नाम फाइनल हुए हैं, उसमें जिला संगठन और प्रदेश संगठन के बीच में एड़ी-चोटी का जोर लगा हुआ है, लेकिन अध्यक्ष पद पर जिला संगठन की पसंद को प्राथमिकता देने की बात कही जा रही है। जानकारी के मुताबिक युवा मोर्चा के प्रदेश संगठन के कुछ मजबूत नाम अपने पसंद का अध्यक्ष बनाना चाह रहे हैं, लेकिन सहमति जिला संगठन की पसंद पर बनती दिख रही है। ऐसे में अध्यक्ष के साथ महामंत्री की घोषणा करके नामों में बैलेंस किया जाएगा।
इस पूरे मामले में एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि नियुक्तियों को लेकर वह नेता पूरी तरह से खामोश बैठे हैं, जिनकी बात संगठन में पत्थर की लकीर मानी जाती है। यानी यदि वे किसी के नाम का प्रस्ताव रख लें तो उस पर संगठन में सहमति बन ही जाती है। लेकिन युवा मोर्चा को लेकर वे पूरी तरह से खामोश हैं। ना तो वे किसी के नाम पर एतराज जता रहे हैं, न ही किसी के नाम का खुला समर्थन कर रहे हैं। यदि आखिरी मौके तक उन्होंने खामोशी बरती तो यह फार्मूला बरकरार रहेगा, लेकिन यदि उनकी तरफ से कोई नाम आ गया तो फिर सारे फार्मूले दरकिनार भी हो सकते हैं।







