अतिक्रमण कर किया जा रहा था व्यापार, सामान जब्त

अतिक्रमण कर किया जा रहा था व्यापार, सामान जब्त
– बोट क्लब समेत कई क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
भोपाल, यश भारत। शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की। इस दौरान बड़ी झील के किनारे स्थित बोट क्लब क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए ठेले, काउंटर और टीन की पेटियों सहित अन्य अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में सामान जब्त कर तीन ट्रक भरकर निगम परिसर पहुंचाया गया। नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दल ने यह अभियान चलाया। निगम की टीम सुबह से ही शहर के प्रमुख क्षेत्रों में पहुंची और सडक़ किनारे, सार्वजनिक स्थलों तथा फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर लोगों ने बिना अनुमति के अस्थायी ढांचे, ठेले और स्टॉल लगाकर यातायात और आमजन की आवाजाही में बाधा उत्पन्न कर रखी थी, जिन्हें हटाया गया।
बोट क्लब क्षेत्र में बड़ी झील के किनारे पर्यटकों और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाया गया। यहां अवैध रूप से संचालित ठेलों, काउंटरों और टीन के अस्थायी ढांचों को हटाकर मौके से जब्त कर लिया गया। निगम अधिकारियों ने बताया कि झील के आसपास अतिक्रमण के कारण स्वच्छता और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, इसलिए सख्त कार्रवाई की गई। कोलार, जेके हॉस्पिटल, मंदाकिनी, भारत माता चौराहा, सूरज नगर, नीलबढ़, बरखेड़ी खुर्द, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, लिंक रोड नंबर-1 और 2, न्यू मार्केट, टीटी नगर, शाहपुरा झील, मनीषा मार्केट, डीबी मॉल, बोर्ड ऑफिस, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, साकेत नगर, जहांगीराबाद, टीला जमालपुरा, नारियल खेड़ा और लालघाटी सहित शहर के कई क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान निगम दल ने 7 इलेक्ट्रिक कांटे, 12 सादे कांटे, 1 फोल्डिंग टेबल, 30 कुर्सियां, 20 स्टैंड बोर्ड, 1 ठेला और 2 पानी की बड़ी केन सहित अन्य सामग्री जब्त की। यह सामान अवैध रूप से फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर रखकर व्यवसाय के लिए उपयोग किया जा रहा था।






