बीजेपी का 47वां स्थापना दिवस आज, प्रदेशभर में उत्सव का माहौल प्रदेश मुख्यालय में ध्वजारोहण, गांव बस्ती चलो अभियान की भी शुरुआत

बीजेपी का 47वां स्थापना दिवस आज, प्रदेशभर में उत्सव का माहौल
प्रदेश मुख्यालय में ध्वजारोहण, गांव बस्ती चलो अभियान की भी शुरुआत
भोपाल यश भारत। भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस सोमवार को प्रदेशभर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। राजधानी भोपाल स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सुबह 11:15 बजे मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा जिसमें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रमुख रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश मुख्यालय में पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा और मुख्यमंत्री डा मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल तथा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर संगठन की उपलब्धियों और आगामी रणनीतियों पर भी प्रकाश डाला जाएगा। स्थापना दिवस के मौके पर संगठनात्मक विस्तार को गति देते हुए 14 जिलों में पार्टी कार्यालय भवनों का वर्चुअल भूमि पूजन किया जाएगा जबकि 3 जिलों में नए कार्यालयों का कार्यारंभ भी होगा। प्रदेश के प्रत्येक बूथ स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। पार्टी द्वारा 8 और 9 अप्रैल को सभी जिलों में सक्रिय सदस्यों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में प्रदेश स्तर से एक वक्ता और जिला स्तर से दो वक्ता कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। इसके साथ ही 7 से 12 अप्रैल तक गांव-बस्ती चलो अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 50 बड़े गांवों में कार्यक्रम आयोजित कर आमजन से संवाद स्थापित किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देने का अवसर है।







