भोपालमध्य प्रदेश

नारियल पानी लेकर पहुंचे अधिकारी, भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थी शिक्षक ने पीने से किया इनकार पदवृद्धि की मांग पर अड़े शिक्षक अभ्यर्थी, नीलम पार्क में जारी है अनिश्चितकालीन धरना

नारियल पानी लेकर पहुंचे अधिकारी, भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थी शिक्षक ने पीने से किया इनकार

पदवृद्धि की मांग पर अड़े शिक्षक अभ्यर्थी, नीलम पार्क में जारी है अनिश्चितकालीन धरना

भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में वर्ग 2 माध्यमिक और वर्ग 3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग को लेकर चल रहा अभ्यर्थी शिक्षकों का आंदोलन अब भूख हड़ताल में बदल गया है। प्रदेश के अलग अलग जिलों से अभ्यर्थी भोपाल पहुंचकर धरने में शामिल हो रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाए जाने तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। नीलम पार्क में भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थी शिक्षकों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखने के लिए डॉक्टरों की टीम लगातार जांच कर रही है। इसी दौरान एसडीएम धरना स्थल पर पहुंचीं और भूख हड़ताल कर रहे अभ्यर्थी शिक्षक से बातचीत कर आंदोलन समाप्त करने की अपील की। एसडीएम ने अभ्यर्थी को नारियल पानी पिलाने का प्रयास भी किया लेकिन अभ्यर्थी शिक्षक ने नारियल पानी लेने और पीने से साफ इनकार कर दिया। उसने मांग पूरी होने तक भूख हड़ताल जारी रखने की बात कही।

अभ्यर्थियों के अनुसार शिक्षक भर्ती 2025 के वर्ग 2 और वर्ग 3 में पदों की संख्या कम होने से बड़ी संख्या में योग्य उम्मीदवार चयन से वंचित हो रहे हैं। पदवृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थी इससे पहले भी कई बार भोपाल में आंदोलन कर चुके हैं। उनका दावा है कि नवंबर 2025 से जुलाई 2026 तक अलग अलग तारीखों में डीपीआई और जनजातीय कार्य विभाग के सामने धरना प्रदर्शन किए गए। कई आंदोलनों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि मुख्यमंत्री समेत प्रदेश और केंद्र सरकार के कई जनप्रतिनिधियों को मांग के संबंध में ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं लेकिन अब तक ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी के चलते 21 अगस्त को डीपीआई कार्यालय के सामने प्रदर्शन के बाद रैली के माध्यम से नीलम पार्क पहुंचकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का ऐलान किया गया था अभ्यर्थियों ने सरकार से वर्ग 2 और वर्ग 3 शिक्षक भर्ती में तत्काल पदवृद्धि कर योग्य उम्मीदवारों को अवसर देने की मांग की है। साथ ही पूर्व प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर लगाए गए आरोपों की भी जांच की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button