टिकट चेकिंग के दौरान विवादों की होगी रिकॉर्डिंग, शिकायतों की जांच में मिलेगी मदद

टिकट चेकिंग के दौरान विवादों की होगी रिकॉर्डिंग, शिकायतों की जांच में मिलेगी मदद
भोपाल, यश भारत। ट्रेनों में टिकट चेकिंग के दौरान यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों के बीच होने वाले विवादों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में नई व्यवस्था शुरू की जा रही है। टिकट चेकिंग स्टाफ की वर्दी पर बॉडी वियरिंग कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए रेलवे ने 56 कैमरों का ऑर्डर दिया है।
भोपाल रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के अनुसार, पिछले दो वर्षों से टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए बॉडी कैमरों की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब इन्हें लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रेलवे की तैयारी अगले दो से तीन महीने में कैमरों का इस्तेमाल शुरू करने की है।
शिकायतों की जांच में मिलेगी मदद
टिकट चेकिंग स्टाफ यात्रियों के सीधे संपर्क में रहता है। बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है। इसके बाद कुछ यात्री कर्मचारियों पर परेशान करने या उनकी बात नहीं सुनने के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराते हैं।
ऐसे मामलों में रेलवे को घटना की वास्तविक स्थिति जानने और शिकायत की जांच करने में समय लगता है। बॉडी कैमरे लगाए जाने से टिकट चेकिंग के दौरान होने वाली गतिविधियों की रिकॉर्डिंग उपलब्ध हो सकेगी। इससे विवाद की परिस्थितियों को समझने और शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने में मदद मिलने की उम्मीद है।







