भोपालमध्यप्रदेश

भोपाल में एक हफ्ते के भीतर दो थानों का डेटा हैक

भोपाल में एक हफ्ते के भीतर दो थानों का  डेटा हैक

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में साइबर अपराधियों ने पुलिस महकमे की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। अयोध्या नगर थाने के बाद अब शाहपुरा थाने के कंप्यूटर सिस्टम पर साइबर अटैक का मामला सामने आया है। महज एक सप्ताह के भीतर दो थानों के डिजिटल सिस्टम में सेंध लगने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

हैकर्स ने शाहपुरा थाने के कंप्यूटरों में मौजूद महत्वपूर्ण डेटा को लॉक कर दिया है। आशंका जताई जा रही है कि इस हमले से थाने में दर्ज एफआईआर , फॉरेंसिक साइंस लैब रिपोर्ट और मेडिकल रिपोर्ट जैसे संवेदनशील दस्तावेज प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा, मामले की जांच कर रहे विवेचकों की आईडी और पासवर्ड तक हैकर्स की पहुंच होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, डेटा चोरी हुआ है या केवल लॉक किया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

वारदात के बाद साइबर सेल और पुलिस के तकनीकी विशेषज्ञ सक्रिय हो गए हैं। शाहपुरा थाने की हार्ड डिस्क को सुरक्षित निकालकर तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया है। साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि सिस्टम में सेंध किस तरह लगाई गई और क्या डिजिटल सबूतों या पुलिस रिकॉर्ड के साथ कोई छेड़छाड़ की गई है।

लगातार दो थानों में हुई इस तरह की वारदातों ने क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी सुरक्षित नेटवर्क के जरिए प्रदेश के सभी थानों में अपराध और अपराधियों का पूरा डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाता है। ऐसे में सिस्टम का लॉक होना या डेटा से छेड़छाड़ होना पुलिस की पूरी जांच प्रक्रिया और कोर्ट में पेश होने वाले साक्ष्यों को प्रभावित कर सकता है। फिलहाल, पुलिस और साइबर विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस शातिर हमले के पीछे किसका हाथ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button