पेंच के बफर एरिया में बाघ का हमला, चरवाहे की दर्दनाक मौत : मवेशी चराने जंगल गया था युवक, क्षत-विक्षत हालत में मिला शव; बाघ की पहचान के लिए लिए गए डीएनए सैंपल… देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में बाघ के हमले से एक चरवाहे की दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार सुबह खंडासा गांव से लगे जंगल में युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने मौके पर बाघ के पगमार्क मिलने की पुष्टि की है। वहीं, हमले में शामिल बाघ की पहचान के लिए मृतक के शव से डीएनए सैंपल लिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, कुरई थाना क्षेत्र के खंडासा निवासी योगेश देशमुख रविवार को रोजाना की तरह अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गया था। शाम तक उसके मवेशी वापस घर लौट आए, लेकिन योगेश घर नहीं पहुंचा। काफी देर तक युवक के नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों और वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने जंगल एवं आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक तलाश के बावजूद योगेश का कोई सुराग नहीं मिल सका।
सोमवार सुबह एक बार फिर तलाश अभियान शुरू किया गया। इस दौरान खंडासा से लगे जंगल में योगेश का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई गई कि बाघ ने युवक पर हमला कर उसे अपना शिकार बनाया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
डीएफओ गौरव मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल पर बाघ के पगमार्क मिले हैं। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शव से बाघ के डीएनए सैंपल लिए गए हैं, जिनकी जांच के आधार पर हमले में शामिल बाघ की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के जंगल में कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को जंगल में अकेले नहीं जाने, मवेशियों को चराने के दौरान सतर्क रहने और बाघ की मौजूदगी वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। इस घटना ने एक बार फिर पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र से लगे गांवों में मानव-वन्यजीव संघर्ष और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।







