फर्जी आईएएस तृप्ति सिंह पर तीसरी आईएएस, नौकरी का झांसा देकर ऐंठे 3 लाख

फर्जी आईएएस तृप्ति सिंह पर तीसरी आईएएस, नौकरी का झांसा देकर ऐंठे 3 लाख
भोपाल, यशभारत। राजधानी में चर्चित फर्जी आईएएस तृप्ति सिंह राजपूत के खिलाफ ठगी के मामले में तीसरी एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी महिला पर एक पीड़िता को सरकारी नौकरी का झांसा देकर 3 लाख रुपये ऐंठने का आरोप है। फर्जीवाड़े को सच साबित करने के लिए आरोपी ने लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी और एसपी कार्यालय के नाम से फर्जी ई-मेल व जॉइनिंग लेटर भेजे थे। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पीड़िता को आश्वस्त करने के लिए भोपाल स्थित ट्राइबल म्यूजियम में अफसर स्तर की फर्जी ट्रेनिंग तक आयोजित करा दी।
नौकरी न मिलने पर जब पीड़िता ने रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने 3 लाख रुपये लौटा दिए। इसके बावजूद पुलिस ने आपराधिक षड्यंत्र और धोखाधड़ी के आधार पर तृप्ति और उसके साथी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
सरकारी दफ्तरों के निरीक्षण का नया वीडियो आया सामने
इसी बीच तृप्ति सिंह का एक नया वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर सरकारी दफ्तरों का औचक निरीक्षण करती नजर आ रही है। जांच में खुलासा हुआ है कि वह भोपाल के अयोध्या नगर थाना क्षेत्र सहित कई इलाकों में खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताकर बाकायदा पुलिस सुरक्षा (प्रोटोकॉल) और गनमैन हासिल कर लेती थी। पुलिस अब इस बिंदु की जांच कर रही है कि बिना वेरिफिकेशन के उसे सरकारी सुरक्षा और दफ्तरों में प्रवेश कैसे मिलता रहा।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
रिमांड के दौरान पुलिस तृप्ति और उसके भाई के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्जी पद का इस्तेमाल कर इन्होंने और कितने लोगों को चूना लगाया है। पुलिस संभावित अन्य पीड़ितों से भी जानकारी जुटा रही है। आरोपियों की रिमांड बढ़ाने या न्यायिक हिरासत में भेजने पर फैसला कोर्ट की सुनवाई के बाद होगा।







