शातिरों ने पुजारी का भेष धर किया था मंदिरों में हाथ साफ
पुलिस ने किया भंडाफोड़,तिलवारा और शहपुरा मंदिरों में कीथी चोरी, , तीन आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर: तिलवारा और शहपुरा थाना क्षेत्रों में स्थित मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया है।
तिलवारा स्थित त्रिशूल भेद मंदिर में हुई चोरी के बाद, प्रार्थी विवेक राज भोसले की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक महोदय सम्पत उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक आशीष जैन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
निर्देश के बाद, थाना प्रभारी तिलवारा बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस को सोशल मीडिया पर शहपुरा मंदिर में हुई चोरी के वीडियो और तस्वीरें मिलीं, जिनकी मदद से आरोपियों की पहचान और उनके वाहन का पता लगाया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी
जांच के दौरान, पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने तिलवारा और शहपुरा दोनों जगह पुजारी का भेष धारण कर रेकी करने और चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के नाम छत्रपाल सिंह ठाकुर (40) और दुष्यंत लाल दहिया (30) हैं। दोनों वर्तमान में संजीवनी नगर में किराए के मकान में रह रहे थे।
पुलिस ने एक अन्य आरोपी विजय सोनी (48) को भी गिरफ्तार किया, जो चोरी का सामान रखता था। आरोपी छत्रपाल ठाकुर पर पहले भी कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।
जब्त सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी का मुकुट, चांदी की चरण पादुका, चांदी का छत्र, एक चांदी का हार और घटना में इस्तेमाल की गई सीबीजेड मोटरसाइकिल (एमपी 20 एमके 4333) जब्त की। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपये है।
सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा, उप-निरीक्षक अभिषेक, प्र.आर. सतीश शुक्ला, प्र.आर. जयशंकर चौहान, प्र.आर. राजेश गुप्ता सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।







