जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

11A सीट का चमत्कार, लेकिन दर्द अब भी बाकी: अहमदाबाद विमान हादसे के एक साल बाद छलका इकलौते जीवित बचे यात्री का दर्द

आग के गोले से जिंदा बाहर निकले विश्वास, एक साल बाद भी तलाश रहे जवाब

अहमदाबाद। अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के भीषण विमान हादसे को 12 जून को एक वर्ष पूरा हो जाएगा। इस दर्दनाक दुर्घटना में यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे की भयावहता के बीच सीट नंबर 11A पर बैठे ब्रिटेन निवासी विश्वास कुमार रमेश चमत्कारिक रूप से जीवित बच निकले थे। हादसे के एक साल बाद उन्होंने पहली बार अपने मन में उठ रहे अनसुलझे सवालों और मानसिक पीड़ा को सार्वजनिक किया है।

12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी। दोपहर करीब 1:38 बजे उड़ान भरने के महज 32 सेकेंड बाद विमान अचानक नियंत्रण खो बैठा और तेजी से नीचे गिरते हुए आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया। इस हादसे में 180 भारतीय यात्रियों, चालक दल के 19 सदस्यों, करीब 50 ब्रिटिश नागरिकों सहित अन्य विदेशी यात्रियों की जान चली गई।

हादसे के समय बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की सीट 11A पर बैठे विश्वास कुमार रमेश विमान के अगले हिस्से में स्थित इमरजेंसी एग्जिट के पास थे। विमान के दो हिस्सों में बंटने के बाद बने एक खुले हिस्से से उन्होंने सीट बेल्ट खोलकर बाहर निकलने में सफलता हासिल की। विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, सीट 11A विंग बॉक्स के पास स्थित होती है, जो विमान का सबसे मजबूत हिस्सा माना जाता है। कुछ सेकेंड की देरी उनकी जान पर भारी पड़ सकती थी।ब्रिटेन की समाचार एजेंसी प्रेस एसोसिएशन से बातचीत में विश्वास कुमार रमेश ने कहा कि हादसे के एक साल बाद भी उनके मन में कई सवाल अनुत्तरित हैं। उन्होंने कहा, “उस दिन हादसा खत्म हुआ, लेकिन मेरा दुख खत्म नहीं हुआ। मैं अपने भाई को खोने के दर्द और इस सवाल के साथ जी रहा हूं कि आखिर यह हादसा कैसे और क्यों हुआ। केवल मेरे ही नहीं, बल्कि सभी पीड़ित परिवारों के मन में यही सवाल हैं। उन्हें सच्चाई जानने का पूरा अधिकार है।”

इस हादसे में विश्वास कुमार रमेश ने अपने भाई को भी खो दिया था। आग की ऊंची लपटों और धुएं के बीच मामूली चोटों के साथ बाहर निकलते हुए उनकी तस्वीरें दुनिया भर में चर्चा का विषय बनी थीं। हालांकि शारीरिक रूप से सुरक्षित बच जाने के बावजूद मानसिक आघात से उबरने में उन्हें लंबा समय लगा। हादसे के बाद विमान यात्रा के भय के चलते वह करीब ढाई महीने बाद सितंबर 2025 में लंदन लौट सके।वर्तमान में विश्वास कुमार रमेश ब्रिटेन के लीसेस्टर शहर में अपनी पत्नी और पांच वर्षीय बेटे के साथ रह रहे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, हादसे के बाद से वह शारीरिक और मानसिक परेशानियों से जूझ रहे हैं और अधिकतर समय घर पर ही बिताते हैं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button