बाज से पंगा पड़ा भारी! घायल होकर खेत में गिरा दुर्लभ उल्लू, किसान बना ‘रक्षक’ …प्राथमिक उपचार शुरू, देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के छपारा नगर के समीप ग्राम गोकलपुर में गुरुवार खेत में काम कर रहे एक किसान को दुर्लभ प्रजाति का उल्लू घायल अवस्था में मिला। पक्षी को असहाय हालत में देखकर किसान ने मानवीयता और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने बिना देर किए उल्लू को सुरक्षित अपने पास रखा और छपारा वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचकर वन विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया। किसान की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गोकलपुर निवासी किसान सौरभ सिंह ठाकुर गुरुवार सुबह अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े एक उल्लू पर पड़ी। उल्लू घायल था और उड़ने में असमर्थ दिखाई दे रहा था। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बाज जैसे शिकारी पक्षियों ने उस पर हमला किया होगा, जिसके कारण वह घायल होकर खेत में गिर गया। हालांकि, उसके घायल होने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
सौरभ सिंह ठाकुर ने घायल पक्षी को वहीं असुरक्षित छोड़ने के बजाय सावधानीपूर्वक अपने संरक्षण में लिया। इसके बाद वे उसे लेकर छपारा वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचे और वन विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया। वन विभाग की टीम ने तत्काल पक्षी की स्थिति का जायजा लिया और उसका प्राथमिक उपचार शुरू कराया।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, उल्लू प्रकृति के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये मुख्य रूप से चूहे, कीट-पतंगे और अन्य छोटे जीवों का शिकार करते हैं। इस कारण इन्हें किसानों का प्राकृतिक मित्र भी माना जाता है। खेतों में चूहों की संख्या नियंत्रित करने में उल्लुओं की अहम भूमिका होती है। इसके अलावा उल्लू रात्रिचर पक्षी हैं और इनकी सुनने तथा अंधेरे में देखने की क्षमता काफी विकसित होती है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घायल उल्लू के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, किसान सौरभ सिंह ठाकुर की तत्परता से एक वन्यजीव को समय पर उपचार मिल सका। यह घटना वन्यजीव संरक्षण के प्रति आम नागरिकों की जिम्मेदारी और जागरूकता का अच्छा उदाहरण है।







