Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

सिवनी से बस में गांजा लेकर आ रहा युवक बरगी में गिरफ्तार, 7 किलो 158 ग्राम गांजा बरामद

जबलपुर, यश भारत। सिवनी से बस में गांजा लेकर जबलपुर आ रहे एक 23 वर्षीय युवक को क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 किलो 158 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 58 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के पास से वीवो कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया गया है। 

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एक युवक पवन बस से सिवनी की ओर से बरगी आ रहा है। उसके पास बड़ी मात्रा में गांजा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-34 स्थित सागर ढाबा के पास वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद सिवनी की ओर से आई पवन बस को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए का युवक बस में बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक बर्मन (23), निवासी प्रेमसागर झंडा चौक, हनुमानताल बताया। 

तलाशी लेने पर उसके पिट्ठू बैग और प्लास्टिक की पन्नी में रखे चार पैकेट से 7 किलो 158 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और मोबाइल जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी गांजा कहां से और किससे लेकर आया था तथा इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button