वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर का धमाका, यूएई के खिलाफ जड़ा 160 रन का शतक
168 गेंदों में 160 रन बनाकर भारत को दिलाई जीत, अंडर-19 वनडे में संयुक्त रूप से पांचवां सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। ओमान में खेले जा रहे अंडर-19 एशिया कप में 10 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ आर्यवीर ने 168 गेंदों पर 160 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 17 चौके और सात छक्के शामिल रहे। इस प्रदर्शन की बदौलत भारत ने यूएई को 70 रन से शिकस्त दी।
आर्यवीर की यह पारी इसलिए भी खास रही, क्योंकि उन्होंने शुरुआत में काफी धैर्य दिखाया। पहली 13 गेंदों पर उनका खाता तक नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की और 131 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। शतक के बाद उनका अंदाज बदला और अगली 37 गेंदों में 60 रन ठोक दिए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए वीके विनीत के साथ 193 रन की साझेदारी भी की।अंडर-19 एकदिवसीय क्रिकेट में भारत की ओर से यह संयुक्त रूप से पांचवां सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल भी इस स्तर पर 160 रन बना चुके हैं।
आर्यवीर का यह प्रदर्शन वर्षों की मेहनत का नतीजा है। बचपन में वह अपने भाई के साथ प्लास्टिक के बल्ले से क्रिकेट खेलते थे और पिता वीरेंद्र सहवाग को देखकर इस खेल के प्रति उनका रुझान बढ़ा। 14 साल की उम्र में उन्होंने दिल्ली की अंडर-16 टीम के ट्रायल में हिस्सा लिया। नवंबर 2024 में उन्होंने मेघालय के खिलाफ 309 गेंदों में 297 रन बनाकर सबका ध्यान खींचा था।हालांकि, उनका सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा। कई बार अच्छी शुरुआत के बावजूद वह बड़ी पारी खेलने से चूक गए। कोचों ने उन्हें विकेट संभालकर खेलने और पारी को अलग-अलग हिस्सों में बांटने की सलाह दी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी उन्हें अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन वे अर्धशतक नहीं बना सके।







