खजूरी सड़क पुलिस ने इंदौर के दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, 20 लाख का ट्रक चेचिस बरामद

खजूरी सड़क पुलिस ने इंदौर के दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, 20 लाख का ट्रक चेचिस बरामद
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना खजूरी सड़क पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात को महज 12 घंटे के भीतर सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेचिस चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 20 लाख रुपये कीमत का नया आयशर ट्रक का चेचिस बरामद किया है। पकड़ाए गए दोनों आरोपी इंदौर के रहने वाले हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर को मेन रोड ग्राम बरखेड़ा बोंदर के पास से एक नया आयशर ट्रक का चेचिस चोरी हो गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी तुरंत भोपाल पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से शहर और देहात के सभी थानों में प्रसारित कराई। साथ ही पुलिस टीम को चोरों की तलाश में रवाना किया गया। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी गया चेचिस थाना गुनगा क्षेत्र में देखा गया है। खजूरी सड़क पुलिस ने बिना समय गंवाए गुनगा थाना पुलिस और इमला चौकी स्टाफ की मदद से इलाके में घेराबंदी की और घेरे में लेकर वाहन को सुरक्षित जब्त कर लिया।
मौके से पुलिस ने चेचिस चला रहे सुनील राठौर (30 वर्ष), पिता जीवन राठौर, निवासी नर्सरी कॉलोनी ढाबली मंगलिया, थाना लसूड़िया इंदौर और उसके साथी राहुल परिहार (32 वर्ष), पिता सुरेश परिहार, निवासी स्वामी विवेकानंद नगर तलावली चांदा, थाना लसूड़िया इंदौर को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से अन्य आपराधिक मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है, जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।







