जबलपुरमध्य प्रदेश

सुहागी देह व्यापार मामला : युवतियां सप्लाई करने वाला आरोपी नरसिंहपुर से गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान सामने आया था नाम

जबलपुर,यशभारत। सुहागी के पन्नी मोहल्ला में संचालित देह व्यापार के मामले में महिला थाना पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए युवतियों की सप्लाई करने वाले आरोपी को नरसिंहपुर जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करेली निवासी कपिल जायसवाल के रूप में हुई है। पुलिस उसे पूछताछ के लिए जबलपुर लाई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी भोपाल, इंदौर, दमोह, सागर सहित कई शहरों से युवतियों को लाकर देह व्यापार गिरोह तक पहुंचाता था। आरोप है कि वह गिरोह के संचालकों के लिए लगातार युवतियों की व्यवस्था करता था।

महिला थाना पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम सुहागी स्थित पन्नी मोहल्ला में कुछ दिन पहले पकड़े गए देह व्यापार गिरोह के सदस्यों से पूछताछ के दौरान सामने आया था। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई और उसे नरसिंहपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया।

गौरतलब है कि इस मामले में पहले ही गिरोह की संचालक मंजू निखर, उसके पति मुकेश निखर, बेटे आरूष निखर तथा तीन ग्राहकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा मकान मालिक और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के वरिष्ठ अभियंता कार्यालय में पदस्थ कर्मचारी निमेष विनोदिया को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

पुलिस अब कपिल जायसवाल से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और विभिन्न शहरों से जुड़े संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच अभी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button