भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

डीबी मॉल के सामने मौत बनकर खड़ा था स्ट्रीट लाइट का खंभा सड़क पार करते समय पोल पकड़ते ही लगा करंट, भाजपा युवा मोर्चा नेता दिव्यऋषि तिवारी की मौत

डीबी मॉल के सामने मौत बनकर खड़ा था स्ट्रीट लाइट का खंभा

सड़क पार करते समय पोल पकड़ते ही लगा करंट, भाजपा युवा मोर्चा नेता दिव्यऋषि तिवारी की मौत

भोपाल, यश भारत। एमपी नगर स्थित डीबी मॉल के सामने रविवार रात स्ट्रीट लाइट के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई। तिवारी परिवार के साथ मॉल में खरीदारी करने पहुंचे थे। लौटते समय सड़क पार करने के दौरान उन्होंने स्ट्रीट लाइट के पोल को हाथ लगाया, तभी उन्हें तेज बिजली का झटका लगा। उनकी पत्नी भी करंट की चपेट में आईं  लेकिन किसी तरह पोल से अलग हो गईं।

पोल से निकला था तार, पुलिस ने कराया करंट बंद

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्ट्रीट लाइट के खंभे से एक तार बाहर निकला हुआ था। इसी तार के संपर्क में आने से पोल में करंट प्रवाहित होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने तत्काल तार को अलग कराया और मौके की स्थिति को सुरक्षित किया। शुरुआती जांच में खंभे के मेट्रो अथवा पीडब्ल्यूडी से संबंधित होने की बात सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि और खंभे में करंट पहुंचने के कारणों की जांच की जा रही है।

ट्रैफिक पुलिस ने दिया सीआरपी, एम्स में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी तत्काल मदद के लिए पहुंचे। हेड कांस्टेबल जगदीश दांगी के अनुसार पुलिसकर्मियों ने तिवारी को मौके पर सीआरपी देने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें नर्मदा अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें एम्स ले जाने की सलाह दी। पुलिसकर्मी उन्हें एम्स लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

खुले तार और स्ट्रीट लाइट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद सड़क किनारे लगे बिजली और स्ट्रीट लाइट के पोल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। खासतौर पर सार्वजनिक स्थान पर खंभे में करंट आने और तार के खुले में निकलने की स्थिति की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोल किस विभाग के अधीन है, उसमें करंट कैसे पहुंचा और हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button