बड़े बिजली बकायादारों पर सख्ती, 110 कनेक्शन काटे; चोरी मिलने पर 9.77 लाख की बिलिंग
*जबलपुर, यश भारत।

जबलपुर, यश भारत।* शहर में बिजली बिल के बड़े बकायादारों के खिलाफ विद्युत विभाग ने वसूली अभियान तेज कर दिया है। रविवार और सोमवार को 22 उपभोक्ताओं पर 16.14 लाख रुपये बकाया होने पर विद्युत पोल से कनेक्शन काटे गए। वहीं, कार्रवाई के दौरान 14 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही 8.24 लाख रुपये जमा कराए।जांच के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बिजली चोरी के मामले भी सामने आए। विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत पंचनामा तैयार कर संबंधित उपभोक्ताओं पर 9.77 लाख रुपये की बिलिंग की गई।
मंगलवार को पूर्व संभाग में 22 लाख रुपये के बकाया वाले करीब 110 कनेक्शन काटे गए। लगभग 15 परिसरों में बिजली चोरी मिलने पर कार्रवाई की गई। चारखंभा और चांदनी चौक क्षेत्र में एक ही परिसर के छह कनेक्शनों में बिजली चोरी पकड़ी गई। बहोराबाग में बकाया होने पर काटे गए तीन कनेक्शनों में दोबारा बिजली उपयोग मिलने पर धारा 138 के तहत कार्रवाई की गई।वहीं, पश्चिम संभाग की चार टीमों ने 19 कनेक्शन काटे और सात उपभोक्ताओं से 1.70 लाख रुपये वसूले। अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने स्पष्ट किया कि बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को रियायत नहीं दी जाएगी।






