सागर शराब कांड: मुख्य आरोपी जुझार सिंह की इलाज के दौरान मौत,4 दिन से था वेंटिलेटर पर

सागर, यशभारत l बंडा (सागर) के बहुचर्चित जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी जुझार सिंह लोधी (45 वर्ष) की भोपाल के हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बंडा उप जेल में बंद जुझार सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे पहले बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (सागर) भर्ती कराया गया था। हालत अत्यंत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया था, जहाँ वह पिछले चार दिनों से वेंटिलेटर पर जीवन और मौत से जूझ रहा था।
भोपाल के हमीदिया अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, प्रारंभिक चिकित्सकीय परीक्षणों और शारीरिक लक्षणों के आधार पर आरोपी के साथ मारपीट की प्रबल संभावना प्रतीत होती है। डॉक्टरों का अनुमान है कि किसी मारपीट के कारण शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं, जिससे उसकी स्थिति बेहद तेजी से बिगड़ती चली गई।
दूसरी ओर, बंडा उप जेल प्रबंधन और जेल अधीक्षक अनुभा चौधरी ने मारपीट के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। जेल प्रशासन का कहना है कि आरोपी की वर्ष 2024 में बाईपास सर्जरी हो चुकी थी और वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहा था। प्रशासन का दावा है कि उसके सिर में पहले से ही ब्लड क्लॉटिंग (खून का थक्का जमने) की समस्या थी, जिसके चलते उसकी स्वास्थ्य स्थिति खराब हुई।
2 आरोपी की पहले मौत हो चुकी
जहरीली शराबकांड मामले में पुलिस ने बंडा, विनायका व छानबीला थाने में कुल 57 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इनमें से अब तक 33 से ज्यादा आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं तीन आरोपियों की मौत हुई है। मामला उजागर होने के पहले जहरीली शराब बनाकर उसे टेस्ट करने वाले दिनेश शिवहरे की मौत हुई थी। इसके कुछ समय बाद आरोपी रामसिंह की और अब जुझार सिंह की मौत हो गई।
यह भी चर्चा है कि जुझार के एक रिश्तेदार की भी जहरीली शराब पीने से मौत हुई है, हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं है।
इस भयावह घटना के बाद शासन ने कार्रवाई करते हुए सागर के तत्कालीन कलेक्टर और एसपी का तबादला कर दिया था।







